साइबर फ्रॉड के एक लाख रुपये पुलिस ने कराए वापस, पीड़िता ने जताया आभार
मीरजापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। जूपी ऐप के माध्यम से हुई साइबर ठगी के मामले में थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1,00,000 रुपये की धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी।
16 जून 2025 को मीरसाहब की गली कदमतर निवासी रीना सिंह ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि जूपी ऐप के जरिए उनके साथ 3,29,950 रुपये की साइबर ठगी हुई है। शिकायत मिलते ही थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक व मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर जांच के दौरान 1,00,000 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।
मंगलवार को राशि वापस मिलने पर पीड़िता ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों व साइबर सेल टीम उपनिरीक्षक दयाशंकर ओझा (थानाध्यक्ष, कोतवाली शहर), महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस ने उन्हें साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

