home page

शाहजहांपुर कचहरी परिसर के बंदीगृह में बंदी की मौत, जांच शुरू

 | 
शाहजहांपुर कचहरी परिसर के बंदीगृह में बंदी की मौत, जांच शुरू


शाहजहांपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शुक्रवार को जिला कारागार से न्यायालय में रिमांड पेशी के लिए लाए गए 22 वर्षीय बंदी की कचहरी परिसर स्थित बंदीगृह में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बंदी ने बंदीगृह के शौचालय में फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के बाद कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र निवासी दीपक छह अक्टूबर से एक आपराधिक मामले में जिला कारागार में बंद था। शुक्रवार को उसे अन्य बंदियों के साथ रिमांड पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। इसी दौरान बंदीगृह के शौचालय में उसने फंदा लगा लिया।

छह अक्टूबर को एक महिला ने दीपक के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी ने घटना को चिंताजनक बताते हुए न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और मामले की गहन जांच की मांग की है।

एएसपी सिटी ने बताया कि परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा