शामली : कैराना पलायन का मुख्य सूत्रधार एक लाख का इनामी अपराधी मुठभेड़ में ढेर
शामली, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने बुधवार दोपहर को मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश फुरकान को मार गिराया। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है। घायल सिपाही काे अस्पताल भेजकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि कुख्यात अपराधी फुरकान कैराना के मोहल्ला आर्यपुरी का रहने वाला था। उस पर लूट, हत्या, हत्या का प्रयास कई आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि उसने रंगदारी न देने पर अगस्त 2014 में चौक बाजार में व्यापारी नेता विनोद सिंघल की हत्या की थी। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। जेल से कुछ माह बाद छूटने पर कई व्यापारियों से रंगदारी मांगी और न देने पर विनोद सिंघल जैसा हाल करने की धमकी दी। उसके डर से व्यापारी और हिंदू परिवार करीब 346 लोग कैराना से पलायन कर गये थे। वह हिंदू परिवाराें के पलायन का मुख्य सूत्रधार भी था। वह कुख्यात मुकीम काला गैंग का सदस्य था। इस बीच वह कई बार जेल गया और जमानत पर छूट गया। साल 2021 में वह जेल गया फिर जमानत लेकर बाहर और तब से फरार चल रहा था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी रखा गया था।
एसपी ने बताया कि आज फुरकान की लोकेशन झिंझाना थानाक्षेत्र के रंगाना जंगल में मिली। पुलिस की टीम ने उसे घेराबंदी कर आत्मसमपर्ण के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। इस कार्रवाई में एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने फुरकान को मृत घोषित कर दिया और सिपाही की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

