home page

फर्जी कागजात बनवाकर 500 बीघा जमीन कब्जाने के आरोप में तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज

 | 
फर्जी कागजात बनवाकर 500 बीघा जमीन कब्जाने के आरोप में तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज


-आरोपितों पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप

मुरादाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड निवासी रविंद्र कुमार सागर ने सिविल लाइंस थाने में दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश 1 निवासी मो. अब्बास, मो. अब्दुल्ला, जफर नदीम और कुछ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोपितों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 500 बीघा जमीन कब्जाने और दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।

रविंद्र कुमार सागर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश 1 निवासी मोहम्मद साजिद और उनकी पार्टनरशिप में मुरादाबाद थाना सिविल लाइन क्षेत्र में कोर्ट रोड पर 500 बीघा जमीन है। मो. साजिद अक्सर भारत से बाहर रहते हैं। साजिद के विदेश में रहने का फायदा उठाकर उनके भाई अब्बास, अब्दुल्ला और जफर नदीम ने उनकी और अपने भाई की जमीन हड़पने का प्रयास किया। आरोपितों ने साजिद के फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज और एक फर्जी पारिवारिक समझौतानामा तैयार किया। इसके बाद आरोपितों ने जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें बीती 14 जुलाई को जमीन पर से अपना कब्जा छोड़ देने की धमकी दी और दो करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी है।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रविवार को मामले में तीन नामजद और कुछ अज्ञात आरोपितों के प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल