home page

कानपुर में झूठी निकली लूट की सूचना , जांच में हुआ खुलासा

 | 
कानपुर में झूठी निकली लूट की सूचना , जांच में हुआ खुलासा


कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात सामने आई कथित लूट की घटना पुलिस जांच में पूरी तरह असत्य साबित हुई है। प्रारंभिक सूचना में जिस घटना को लूट बताया गया था, वह जांच के दौरान झूठी निकली। पुलिस ने जब पीड़ित से सख्ती से पूछताछ की गई, तो जांच में सामने आया कि नाबालिग ने डर के कारण परिजनों को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।

यह जानकारी रविवार को सहायक पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने दी। बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सुतरखाना निवासी मोहम्मद रेहान (उम्र करीब 16-17 वर्ष) से कोपरगंज चौराहे के पास ओमनी कार सवार अज्ञात लोगों ने करीब 45 हजार रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और क्षेत्रीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन जांच के दौरान कहीं भी लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने युवक से दोबारा विस्तार से पूछताछ की।

पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह जरीब चौकी स्थित दिल्ली जूस एंड शेक सेंटर से रुपये लेकर लौट रहा था, तभी रास्ते में बाइक गिरने के दौरान उसके रुपये कहीं गिर गए। घर पहुंचने पर डर के कारण उसने लूट की झूठी कहानी बना दी। मामले में युवक के पिता ने भी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके बेटे ने नादानी और डर की वजह से गलत सूचना दी थी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने चेतावनी देते हुए युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और भविष्य में इस प्रकार की भ्रामक सूचना न देने की सख्त हिदायत दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप