हेरोइन के साथ हिस्ट्रीशीटर तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 12 जून (हि.स.)। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में कोतवाली शहर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए महेश गुप्ता की गली से नन्हकू सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह निवासी चिल्ह थाना चील्ह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित के कब्जे से 20 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपित के पास से हेरोइन तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी-63 बीजे-5061 भी बरामद की है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कोतवाली शहर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21 एवं 25/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नन्हकू सिंह एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ मीरजापुर तथा वाराणसी जनपद में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास दो दशक से अधिक पुराना बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी वासलीगंज उपनिरीक्षक विनोद कुमार एवं कोतवाली शहर पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

