युवक ने जलती सिगरेट सिपाही पर फेंकी, मना करने पर दौड़ा दौड़ा कर पीटा, तीन हिरासत में
फर्रुखाबाद, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना नवाबगंज नगर में बुधवार की देर रात एक मामूली विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब सिगरेट फेंकने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने यूपी-112 में तैनात एक सिपाही की जमकर पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए भागे सिपाही को दबंगों ने गली में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाबगंज के मोहल्ला बरतल वाली गली में बुधवार शाम यूपी-112 में तैनात सिपाही बिल्सन अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक से वहां से निकल रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने लापरवाही से जलती हुई सिगरेट उनकी ओर फेंक दी, जो सीधे सिपाही बिल्सन के गाल पर जाकर लगी। इस हरकत का सिपाही ने विरोध जताया, तो युवक अपनी गलती मानने के बजाए आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि युवक ने अपने कुछ अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर सिपाही बिल्सन को घेर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख सिपाही ने खुद को बचाने के लिए वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने उनका पीछा किया और गली में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के जिन लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, धक्का-मुक्की में उन्हें भी मामूली चोटें आई हैं।
हमले में घायल सिपाही बिल्सन किसी तरह थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर सुबूत भी जुटाए हैं। वहीं, घायल सिपाही को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय वर्मा ने गुरुवार को बताया कि युवक द्वारा सिगरेट फेंकने को लेकर सिपाही से विवाद की सूचना मिली थी। घटना में घायल हुए दोनों पक्षों के लोगों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

