home page

प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी को लेकर यूपी के महोबा में भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर केस दर्ज

 | 
प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी को लेकर यूपी के महोबा में भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर केस दर्ज


महोबा, 23 मई (हि.स.)। महोबा में देश के प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत 30 समर्थकों पर सदर कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने आम रास्ता अवरुद्ध कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कुछ दिनों पहले ही हमीरपुर महोबा सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने भी कथित रूप से प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसकाे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया था। वाराणसी में भी अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्य समिति सदस्य नीरज रावत ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 22 मई को कांग्रेस के निवर्तमान सचिव ब्रजराज अहिरवार ने जनपद मुख्यालय के समद नगर मुहाल में बिना प्रशासन की अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्य रूप से शामिल हुए। यहां प्रदेश अध्यक्ष के काफिले से आम रास्ता में जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। आमजनमानस को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही अजय राय ने देश के प्रधानमंत्री पर अशोभनीय टिप्पणी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जिले की एएसपी वंदना सिंह ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा अपने समर्थकों के साथ विधि विरुद्ध जमाव कर आम रास्ते को अवरुद्ध कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। साथ ही देश के प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक अशोभनीय टिप्पणी की गई है। उसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। तहरीर के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सचिव ब्रजराज सिंह और 25 से 30 अज्ञात समर्थकों पर बीएनएस की धारा 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी