home page

विंध्याचल पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, सात पकड़े गए

 | 
विंध्याचल पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, सात पकड़े गए


मीरजापुर, 26 जुलाई (हि.स.)। विंध्याचल पुलिस ने रविवार को अंतरजनपदीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दाे बाल अपचारियाें समेत सात लाेगाें काे पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 10 एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन और 310 रुपये नकद बरामद किए। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पटेंगहरा नाला रेलवे ओवरब्रिज के दक्षिणी हिस्से से आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ विंध्याचल थाना में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर मां विंध्यवासिनी धाम, विभिन्न घाटों, रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में श्रद्धालुओं व यात्रियों के मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइलों को अलग-अलग ग्राहकों को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। गिरोह के सदस्य मोबाइल बेचने के लिए एकत्र हुए थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें में समीर सरोज, पंकज कुमार, रोशन सरोज, मोहित सरोज, विकास विश्वकर्मा समेत दो बाल अपचारी शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें के कब्जे से चोरी के 11 मोबाइल बरामद किए गए हैं। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा