home page

चलती ट्रेन में महिला का हैंडबैग चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद

 | 
चलती ट्रेन में महिला का हैंडबैग चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद


उरई, 28 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी के निर्देशन में चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तु की चेकिंग, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी अभियान के तहत जीआरपी उरई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को पुलिस ने चलती ट्रेन में महिला का हैंडबैग चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है।

जीआरपी उरई के थानाध्यक्ष हेमन्त कुमार सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार को रेलवे स्टेशन उरई पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दोपहर प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर स्थित रेलवे पार्क के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हिमांशू प्रजापति (19 वर्ष) पुत्र भगवान दास निवासी मोहल्ला चुर्खीबाल, थाना जालौन, जनपद जालौन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गोल्डन रंग का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो जीआरपी उरई में दर्ज मुकदमा से संबंधित चोरी का माल निकला। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उसने पुखरायां से उरई के बीच चलती ट्रेन में एक महिला का हैंडबैग चोरी किया था। बैग में एक मोबाइल फोन और कुछ नकदी रखी थी। बरामद मोबाइल उसी चोरी का है। पुलिस के अनुसार आरोपित हिमांशु 12 के खिलाफ जीआरपी उरई थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा