home page

फर्जी आईएएस बनकर शादी रचाने वाला प्रीतम निषाद गिरफ्तार

 | 
फर्जी आईएएस बनकर शादी रचाने वाला प्रीतम निषाद गिरफ्तार


गोरखपुर, 24 मार्च (हि.स.)। खुद को आईएएस अधिकारी बताकर युवतियों से शादी करने और ठगी करने वाले शातिर आरोपी प्रीतम निषाद को गोरखपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को बुंदेलखंड के जालौन जनपद में कालपी रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा गया।

पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपित खुद को मणिपुर कैडर का आईएएस अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करता था। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, टैबलेट और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में उसकी दो शादियों की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है।

हाईस्कूल पास, लेकिन बनता था आईएएस

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह केवल हाईस्कूल तक पढ़ा है और कभी आईएएस की तैयारी नहीं की। फर्जी पहचान के सहारे वह लोगों पर प्रभाव जमाता और शादी रचाकर ठगी करता था।

परिजनों ने खोली पोल, 25 शादियों का दावा

आरोपित के जीजा भानु निषाद के अनुसार, प्रीतम ने कई जगहों पर फर्जी पहचान के सहारे शादियां की हैं। गोरखपुर की एक युवती से उसने 11 मार्च को शादी की, लेकिन अगले ही दिन सच्चाई सामने आने पर मामला खुल गया। परिजनों के अनुसार उसकी पहली शादी औरैया जिले में हो चुकी है, जिसका तलाक भी नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपित लंबे समय से खुद को कभी अधिकारी तो कभी बड़ी नौकरी में बताकर लोगों को भ्रमित करता रहा है। उस पर करीब 25 शादियां करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

पीड़ित परिवार की मांग—कड़ी सजा मिले

पीड़ित युवती के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपित ने उनकी बेटी की जिंदगी से खिलवाड़ किया है। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

मुकदमा दर्ज, जांच जारी

कैंट थाने में आरोपित प्रीतम निषाद, उसकी बहन, जीजा और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और अन्य पीड़ितों के सामने आने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय