home page

पराधियों को अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात असलहा तस्कर गिरफ्तार

 | 
पराधियों को अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात असलहा तस्कर गिरफ्तार


वाराणसी, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी सहित पूर्वांचल के जनपदों में अपराधियों को अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले गिरोह का पर्दाफाश वाराणसी की चोलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने किया है। गिरोह के सात शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम ने उनके पास से चार पिस्टल, कारतूस व अन्य सामान बरामद किया है। मंगलवार को गिरफ्तार असलहा तस्करों को पुलिस लाइन सभागार में मीडिया के सामने पेश किया गया। डीसीपी वरूणाजोन प्रमोद कुमार ने बताया कि आपरेशन चक्रव्यूह के तहत चोलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मंगलवार काे धरसौना तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग अभियान में जुटी हुई थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सात शातिर असलहा तस्कर कटारी ब्लाक के पीछे वाले अंडरपास के मौजूद है।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही कर सातों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर तस्करों के पास से .32 बोर की रिवाल्वर,06 जिंदा कारतूस,एक पिस्टल 02 कारतूस,एक देशी तमंचा 315 बोर व तीन जिंदा कारतूस,एक पिस्टल 9 एमएम दो जिंदा कारतूस, एक चोरी की बाइक, विभिन्न कंपनियों का 06 मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार असलहा तस्करों में अखिलेश उर्फ मोनू राजभर (27 वर्ष) निवासी रैचनपुर, चोलापुर, अरुण राजभर (उम्र 21 वर्ष) निवासी अटेसुआ, चोलापुर, हिमांशू कुमार उर्फ सनी (उम्र 28 वर्ष) निवासी धौरहरा, चौबेपुर, आभाष सिंह (उम्र 23 वर्ष) – निवासी शिवरामपुर, चोलापुर, विशाल सिंह (उम्र 19 वर्ष) – निवासी नेहियाँ, चोलापुर, अनिकेत चौहान (उम्र 20 वर्ष) निवासी गोसाईंपुर मोहांव, चोलापुर, नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू (उम्र 25 वर्ष) निवासी गुरवट, चोलापुर हैं।

डीसीपी वरूणा ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि हम लोग शौक के लिए अवैध पिस्टल, तमंचा, रिवाल्वर और कारतूस अपने पास रखते हैं। इन असलहों के बल पर हम लोग लोगों को डरा—धमका कर लूटपाट के अलावा चोरी, छिनैती भी करते है। अधिक पैसा मिलने पर इन असलहों को राह चलते भी बेच देते है। आज भी हमलोग तमंचा,पिस्टल बेचने के लिए कटारी ब्लाक पर आए थे। बदमाशों ने पुलिस टीम को बताया कि सोशल मीडिया के जरिए अपने गिरोह का नेटवर्क खड़ा किया था। डीसीपी वरूणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों पर पहले से ही कई अपराधिक मामले दर्ज है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के बाद अब पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी