हाथरस में पुलिस मुठभेड़ में अपराधी घायल, अवैध असलहे समेत गिरफ्तार
हाथरस, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की हाथरस पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित की शिनाख्त फारुख पुत्र जलालूद्दीन निवासी अल्हेपुर, थाना चंदपा, हाथरस के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहपऊ और हाथरस जंक्शन पुलिस ने मढाभोज वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति काे रोकने का प्रयास किया पर वह नहीं रुका और पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त फारुख के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
फारुख के कब्जे से लूटे गए 5000 रुपये, एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने अपने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शराब के ठेकों की रेकी करता था और फिर योजनाबद्ध तरीके से घटनाओं को अंजाम देता था। गजेंद्र पुत्र राम सिंह निवासी दुपेरिया, एटा ने थाना सहपऊ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मार्च की रात करीब 8:25 बजे ग्राम सिखरा स्थित देशी शराब के ठेके से अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने गेट तोड़कर गल्ले से रुपये लूट लिए थे। उसने 24 मार्च को हाथरस जंक्शन थाने में भी सूचना दी थी कि 22 मार्च को ग्राम एहन के देशी शराब के ठेके पर बाइक सवार दो लड़कों ने लूटपाट का प्रयास किया था। पुलिस ने इन मामलों में भी मुकदमे दर्ज किए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

