home page

लखीमपुर खीरी : 'नागमणि' का झांसा देकर नेपाली नागरिकों से तीन लाख रुपये की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

 | 
लखीमपुर खीरी : 'नागमणि' का झांसा देकर नेपाली नागरिकों से तीन लाख रुपये की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार


-लखीमपुर खीरी पुलिस ने बरामद किए 3 लाख रुपये नकद

लखीमपुर खीरी, 09 अगस्त (हि.स.)। 'नागमणि' देने के नाम पर नेपाल के नागरिकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की पढुआ थाना पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से ठगी के 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं गिरोह में शामिल अन्य अज्ञात साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

एसपी खीरी डॉ ख्याति गर्ग ने बताया कि नेपाल के ललितपुर जिले के निवासी कृष्ण पहरी, गोरखा जिले के अर्जुन और तनहु जिले के भक्त बहादुर विक ने शनिवार (8 अगस्त) को थाना पढुआ में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ितों का आरोप था कि निघासन थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी कमलेश कुमार और उसके कुछ अज्ञात साथियों ने उन्हें दुर्लभ 'नागमणि' दिलाने का लालच दिया और झांसे में लेकर लाखों रुपये हड़प लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल धारा 318(4) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा (मु०अ०सं० 432/2026) पंजीकृत कर जांच शुरू की।

रविवार सुबह करीब 07:47 बजे मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मल्लबेहड़ दुलही पुल के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपित कमलेश कुमार (34 वर्ष) पुत्र राम आसरे को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपित के पास से ठगे गए 3 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित के अन्य फरार साथियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव