home page

जानलेवा हमले का वांछित आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

 | 
जानलेवा हमले का वांछित आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार


शाहजहांपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रामचंद्र मिशन थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया की शुक्रवार की रात बाकरजई निवासी पंकज ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शीबू उर्फ आजम , नईम और कुछ अज्ञात लोगों ने घर मे घुस कर उसके भाई नीरज (45) पर चाकू से जानलेवा हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में रामचंद्र मिशन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित शीबू उर्फ आजम सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से हरदोई रोड की ओर आ रहा है। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा।

पुलिस ने पीछा किया तो आरोपित बाड़ीगांव वाले कट की ओर कच्चे रास्ते पर चला गया, जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आरोपित ने तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान सिपाही यतेंद्र भी घायल हो गए। आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा