गोरखपुर रोडशो में युवक की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा, पांच आरोपित गिरफ्तार
गोरखपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में एम्स थाना क्षेत्र में रथयात्रा के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त जेसीबी भी बरामद कर ली है। शुरुआत में इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था लेकिन विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों, साक्ष्यों और वादी की ओर से दोबारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं बढ़ा दीं।
पुलिस के अनुसार, घटना 18 नवंबर की है। रोडशो में शामिल जेसीबी चालक वाहन को लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इसी दौरान जेसीबी की टक्कर लगने से वादी का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और अन्य लोग उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के मुताबिक इस मामले में शुरुआत में प्राप्त तहरीर के आधार पर एम्स थाने में मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान वादी की ओर से दोबारा प्रार्थना पत्र दिया गया। पुलिस ने अन्य साक्ष्यों का संकलन करते हुए घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की। इसके आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 61(2) की बढ़ोतरी करते हुए पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में विनोद सिंह पुत्र रामअवतार सिंह निवासी गहिरा साही टोला, थाना झंगहा, नरसिंह यादव पुत्र स्वर्गीय बजरंगी यादव निवासी राधोपट्टी, थाना झंगहा, राहुल यादव पुत्र चंद्रभान यादव निवासी पादरी बाजार मोहनापुर, थाना शाहपुर, वीरेंद्र यादव पुत्र स्वर्गीय सुन्ना यादव निवासी रामपुर गोपालपुर, थाना गुलरिहा तथा शिवांग निषाद पुत्र राजकपुर निषाद निवासी रामपुर चक, थाना चिलुआताल शामिल हैं।
पुलिस ने सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त एक जेसीबी भी बरामद की है। सभी आरोपितों के खिलाफ एम्स थाने में दर्ज मुकदमे के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

