home page

ट्यूबवेल से मोटर स्टार्टर, पाइप और केबल चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

 | 
ट्यूबवेल से मोटर स्टार्टर, पाइप और केबल चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार


बांदा, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कोतवाली नगर पुलिस ने शुक्रवार काे ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोटर स्टार्टर, लोहे की पाइप, केबल तार सहित अन्य सामान चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। ग्राम मवई बुजुर्ग निवासी अनुरुद्ध प्रताप ने 2 जुलाई 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 28 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोटर स्टार्टर, लोहे की पाइप, केबल तार समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, सिंचाई में प्रयुक्त पाइप और अन्य सामान में आग भी लगा दी गई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 3 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मवई चौराहे के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान पर लोहे की पाइप बेचने की बात कर रहे हैं, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपिताें ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि चोरी की गई केबल से तांबा निकालने के लिए केबल तार को आग लगाकर जलाया गया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे रात में घूमते रहते हैं और जहां भी लावारिस सामान या ऐसे मकान मिलते हैं जहां रात में कोई नहीं रहता, वहां चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपिताें से पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपिताें में सुमित पुत्र संतोष निवासी खरेही खप्टिहाकलां, थाना पैलानी, जनपद बांदा,रामबाबू पुत्र सभाजीत निवासी मवई बुजुर्ग, थाना कोतवाली नगर, हरिशंकर पुत्र दिलीप निवासी मवई बुजुर्ग, थाना कोतवाली नगर और पप्पू पुत्र विजय किशोर निवासी मवई बुजुर्ग, थाना कोतवाली नगर, जनपद बांदा शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह