home page

दस-दस हजार के दो इनामी गौकश मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
दस-दस हजार के दो इनामी गौकश मुठभेड़ में गिरफ्तार


दोनों में से एक के पैर में लगी गोली,दो अन्य साथी फरार

शाहजहांपुर, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में पुलिस और गौकशों के बीच हुई मुठभेड़ में दस-दस हजार रुपये के इनामी दो गौकशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित गौकशों के कांट-मदनापुर रोड स्थित जिंदों की पुलिया के पास मौजूद होने और गौकशी की तैयारी करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची कांट पुलिस को देखकर दो आरोपित मोटरसाइकिल से भाग निकले, जबकि दो अन्य ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बरेली निवासी मोहम्मद शाकिर के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद शाकिर और धर्मवीर को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित थे और उन पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने फरार साथियों के नाम बरेली निवासी मोहम्मद सानू और पीलीभीत निवासी अनीस बताए हैं। पुलिस के अनुसार चारों आरोपित गौकशी के इरादे से क्षेत्र में आए थे। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा