प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पडी करने वाला गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार हुआ है। आरोपित को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दो अप्रैल को एक ट्विटर हैंडल से वीडियो प्रसारित हुआ था। उसमें थाना राजेपुर क्षेत्र के लभेड़ा की मडैया, चाचूपुर निवासी पंकज यादव पुत्र ओमकार उर्फ जालिया कथित रूप से प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आया। वीडियो में वह सपा मुखिया अखिलेश यादव के समर्थन में नारेबाजी करता भी दिखाई दिया। इस संबंध में वादी रूद्र प्रताप सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम दारापुर, थाना राजेपुर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने सोमवार को आरोपित पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

