home page

फोन-पे फ्रॉड का शिकार युवक को राहत, साइबर सेल ने वापस कराए 18 हजार रुपये

 | 
फोन-पे फ्रॉड का शिकार युवक को राहत, साइबर सेल ने वापस कराए 18 हजार रुपये


मीरजापुर, 28 मार्च (हि.स.)। ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में थाना जिगना साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 18 हजार रुपये वापस कराए। यह मामला फोन-पे पर रिक्वेस्ट भेजकर यूपीआई के माध्यम से की गई ठगी से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को खैरा निवासी असीम सिंह ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे के जरिए रिक्वेस्ट भेजकर तीन बार में कुल 71 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलते ही थाना जिगना साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान 18 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। खाते में पैसे वापस आने पर पीड़ित असीम सिंह शनिवार को थाना जिगना पहुंचा और पुलिस टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अवधेश सिंह, कम्प्यूटर ऑपरेटर स्वतंत्र यादव एवं आरक्षी कौशलेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा