25 लीटर पेट्रोल मांग रहे युवक ने किया हंगामा, 4 आरोपित गिरफ्तार
अमेठी, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के सुन्दरी नारायण फिलिंग स्टेशन (इंडियन ऑयल) पर गुरुवार को पेट्रोल लेने के लिए लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान पूरे जमाल मजरे भेलाई कला निवासी अब्बू सैफ नामक युवक 25 लीटर पेट्रोल लेने के लिए लाइन में लगा था, लेकिन कर्मचारियों ने उसे मात्र 5 लीटर पेट्रोल दिया। आरोप है कि कुछ अन्य लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार अधिक पेट्रोल दिया जा रहा था, जिससे नाराज होकर युवक ने विरोध किया। विरोध के दौरान कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए हालात को काबू में कर लिया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि हल्का इंचार्ज की तहरीर पर 5 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

