माफिया अतीक के बेटे उमर अहमद के काफिले की 28 गाड़ियों के चालकों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा, सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई जांच
प्रयागराज, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने में रविवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लखनऊ से प्रयागराज लाते समय नवाबगंज टोल प्लाजा पर हुई घटना के मामले में 28 वाहनों के चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रविवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी ने बताया कि नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जय प्रकाश यादव की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उमर अहमद को पुलिस सुरक्षा के साथ प्रयागराज लाया जा रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल कुछ वाहनों ने टोल शुल्क दिए बिना बैरियर तोड़कर निकलने का प्रयास किया।
शिकायत के अनुसार, टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। कुछ वाहन चालकों पर टोल कर्मचारियों को वाहन से कुचलने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में टोल बैरियर क्षतिग्रस्त होने और टोल शुल्क नहीं दिए जाने से राजस्व की क्षति की बात भी शिकायत में कही गई है।
कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय कौन-कौन से वाहन वहां से गुजरे और बैरियर को किस वाहन से क्षति पहुंची। इसके साथ ही टोल कर्मचारियों के बयान और तहरीर में दर्ज वाहन नंबरों का भी सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ वाहनों के नंबर अधूरे होने तथा कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

