मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना से आहत पिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस ने रविवार को दुष्कर्म मामले के आरोपित को गिरफ्तार किया। जबकि वहीं दूसरी तरफ पीड़िता बच्ची के पिता का शव फाफामऊ थाना क्षेत्र में फंदे पर लटका पाया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर राजकुमार सिंह ने बताया कि दुष्कर्म मामले का आरोपित नवाबगंज थाना क्षेत्र के भैरों का पूरा गांव निवासी मुकेश सरोज उर्फ नन्दू पुत्र खून्नू सरोज है। इसके खिलाफ शुक्रवार को नवाबगंज थाने में सात वर्षीय से जबरन दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया था।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दुष्कर्म पीड़िता बच्ची वारदात के समय अपने बुआ के घर आई हुई थी। जबकि उसका घर फाफामऊ थाना क्षेत्र में है। शुक्रवार को उसके साथ यह घटना हुई। इस सूचना पर तत्काल मुकदमा दर्ज करके पीड़ित बच्ची को मेडिकल के भेजा गया था। रविवार को आरोपित को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।वहीं दूसरी ओर पीड़ित बच्ची के पिता का शव रविवार को फाफामऊ थाना क्षेत्र में एक बगीचे में फंदे से लटका पाया गया है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

