ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
प्रयागराज, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने मंगलवार को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के जरिए लोगों से धन ऐंठने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज, एटीएम व क्रेडिट कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में स्थित शम्भू चक गांव निवासी बृजेश कुमार उर्फ टीटू, इसी थाना क्षेत्र के उरूवा गांव निवासी प्रिंस कुमार उर्फ गौतम, वाराणसी जनपद के डीएलडब्ल्यू थाना क्षेत्र में स्थित दिलबहार कालोनी निवासी अभिषेक कुमार, छत्तीसगढ़ जिला रायगढ़ जनपद के कुसौर थाना क्षेत्र के गौंटिया पारा गांव निवासी नितेश प्रधान है।
ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की वेबसाइट के माध्यम से अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसटीएफ प्रयागराज की फील्ड इकाई प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम जांच शुरू की। निगरानी और सूचना संकलन के बाद मेजा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिरोह में सक्रिय उपरोक्त लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बृजेश ने बताया कि वह पहले मुर्गी पालन और मशरूम उत्पादन का काम करता था। बाद में अपने साथियों अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार उर्फ गौतम और मितेश प्रधान के साथ मिलकर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का काम शुरू किया।
एसटीएफ के अनुसार, गिरोह के सदस्य बड़ी संख्या में सिम कार्ड खरीदकर उन्हें दूसरे लोगों के नाम से चलाते थे। इन सिम कार्ड से अलग-अलग बैंक खातों में खाते खुलवाए जाते थे। इसके बाद ऑनलाइन सट्टेबाजी से प्राप्त धन को इन खातों के माध्यम से इधर-उधर भेजा जाता था।
गिरोह के सदस्य लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के लिए वेबसाइट तथा मोबाइल एप्लीकेशन उपलब्ध कराते थे। इसके लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर और खातों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य ऑनलाइन सट्टेबाजी से होने वाली कमाई को आपस में बांटते थे और रकम को अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करते थे। इस नेटवर्क के जरिए बड़ी संख्या में लोगों से धन का लेन-देन किया जा रहा था।
अभियुक्तों से बरामद मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात भी एसटीएफ ने कही है। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मेजा थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसटीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

