ऑनलाइन गेमिंग में ठगी के शिकार युवती की रकम साइबर सेल ने लौटाई
- लूडो गेम के लिंक पर क्लिक करते ही खाते से कट गए थे पैसे, साइबर टीम की तत्परता से मिली राहत
मीरजापुर, 05 अगस्त (हि.स.)। ऑनलाइन गेमिंग के दौरान साइबर ठगी का शिकार हुई एक युवती को साइबर सेल कोतवाली शहर की सक्रियता से बड़ी राहत मिली है। साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी गई 11,056 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी है।
बरियाघाट निवासी आस्था त्रिपाठी ने 25 अगस्त 2025 को एनसीआरपी (राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वह ऑनलाइन लूडो गेम खेल रही थीं। इसी दौरान एक लिंक आया, जिस पर क्लिक करते ही मोबाइल स्क्रीन कुछ समय के लिए ब्लैक हो गई। फोन सामान्य होने के कुछ देर बाद उनके बैंक खाते से 11,056 रुपये कट गए। इसके बाद उन्होंने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल कोतवाली शहर ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान एमआरएम पोर्टल की सहायता से पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई। इस कार्रवाई में कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर ओझा तथा महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव की प्रमुख भूमिका रही।
साइबर सेल ने किया जागरूक
खाते में राशि वापस आने पर आस्था त्रिपाठी ने साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक करते हुए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और ऑनलाइन लेनदेन में सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही अन्य लोगों को भी साइबर ठगी से बचने के जागरूक रहने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

