home page

शाहजहांपुर में रोडवेज डिपाे का वरिष्ठ लिपिक 04 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
शाहजहांपुर में रोडवेज डिपाे का वरिष्ठ लिपिक 04 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार


शाहजहांपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने रोडवेज डिपो में तैनात वरिष्ठ लिपिक एवं टाइम कीपर नृपेश कुमार को कथित तौर पर चार हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अगले महीने की ड्यूटी लगाने के बदले संविदा चालक से रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली इकाई के प्रभारी निरीक्षक ने बताया की थाना सिंधौली क्षेत्र के हरिवल्लभपुर निवासी सरोज मिश्रा शाहजहांपुर रोडवेज डिपो में संविदा चालक के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि अगले महीने की ड्यूटी लगाने के एवज में वरिष्ठ लिपिक नुपेश कुमार ने उनसे 4,000 रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की।

शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन बरेली इकाई की टीम ने गुरुवार को जाल बिछाया और शाहजहांपुर रोडवेज बस स्टैंड स्थित एमएसटी कार्यालय की लॉबी से आरोपी को कथित तौर पर 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

जिसके बाद आरोपी को थाना सदर बाजार ले जाया गया जहां आरोपी के खिलाफ थाना सदर बाजार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा