home page

महिला अधिवक्ता से लूट करने वाला गिरफ्तार, दंपत्ति से भी की थी लूट

 | 
महिला अधिवक्ता से लूट करने वाला गिरफ्तार, दंपत्ति से भी की थी लूट


फिरोजाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। थाना रसूलपुर पुलिस ने शनिवार को महिला अधिवक्ता से लूट की घटना कारित करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने एक दंपत्ति से भी लूट की घटना कारित करना भी स्वीकार किया है। पुलिस इसके भागे हुए साथी की तलाश कर रही है।

जनपद न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली अधिवक्ता शीबा खान 07 नवंबर को फिरोजाबाद से न्यायालय डबरई ऑटो में अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ जा रही थी। इसी दौरान थाना रसूलपुर क्षेत्र अन्तर्गत पीछे से आ रही पल्सर ब्लैक मोटरसाइकिल जिस पर दो लड़के सवार थे। जिन्होंने महिला अधिवक्ता का हेन्ड बैग खींच लिया और भागने लगे। महिला अधिवक्ता द्वारा इन लडकों का पीछा करते समय पीछे बैठे लड़के द्वारा तमन्चा दिखाकर धमकी दी गई। पीड़ित अधिवक्ता ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था।

इसी के साथ ही 08 नवंबर को थाना बसई मुहम्मदपुर क्षेत्र अन्तर्गत संजय कुमार अपनी पत्नी व बच्चों के साथ टूण्डला से ऑटो में बैठकर अपने घर बिलहना आ रहा था तभी गाजीपुर रोड पर पीछे से मोटर साइकिल सवार दो लडकों ने इसकी पत्नी का पर्स झपट्टा मारकर छीन लिया तथा भाग गए। पीड़ित ने थाना बसई मौहम्मदपुर फिरोजाबाद पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस घटनाओं की जांच कर लुटेरो की तलाश कर रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद मे लूट की घटना कारित करने वाले अभियुक्तों के विरुद्ध की जा रही कडी कार्यवाही के क्रम में थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ शनिवार को सूचना पर दोनों लूट की घटनाओं में प्रकाश मे आये अभियुक्त विकाश वर्मा पुत्र लालता प्रसाद उर्फ पिण्टू निवासी गली न0-03 एजे पब्लिक स्कूल के पास सेक्टर नम्बर 03 सुहागनगर थाना दक्षिण को बरकतपुर रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे दोनों घटनाओं से जुड़ी नकदी, सामान और असलहा आदि बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ से अभियुक्त ने अपने साथी मोहित पुत्र सूरज यादव निवासी नगला पचिया हिमायूपुर थाना दक्षिण के साथ दोनों घटना कारित किये जाने का इकबाल किया है।

पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेजा है तथा उसके फरार साथी की तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़