home page

दो कांवड़ियों की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार

 | 
दो कांवड़ियों की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार


शाहजहांपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी राकेश तोमर ने शुक्रवार को बताया कि कटरा थाना क्षेत्र के बरखेड़ा हवेली गांव के कुछ युवक फर्रुखाबाद से जल लेकर पैदल गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। जमौर गांव के पास पेट्रोल पंप के निकट पीछे से आ रही कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पैदल जा रहे नितीश (12), प्रदीप (22) और राहुल उर्फ तुलसी को टक्कर मार दी थी। हादसे में नितीश और प्रदीप की मौत हो गई थी।

घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया था। नितीश के पिता अमरीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गुरुवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस टीम ने जमौर गांव के पास से पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के मढ़ा खुर्द निवासी चालक अभिषेक वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा