नवविवाहिता के कथित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप, मुकदमा दर्ज
-पति की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच, डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे
मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र में नव विवाहिता के कथित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के पति की शिकायत पर पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
पीड़ित के पति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी इसी साल 12 मई को संतनगर थाना क्षेत्र के शीतलगढ़ गांव निवासी युवती से हुई थी। शादी के बाद दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। आरोप है कि 20 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से उसकी पत्नी के कथित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो उसके भाई के व्हाट्सएप पर भेजे गए। इसके बाद अन्य नंबरों से भी ऐसे संदेश आने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जांच के दौरान इन संदेशों का संबंध शीतलगढ़ गांव निवासी विवेक सिंह से जुड़ा पाया गया। आरोप है कि उसने निजी फोटो और वीडियो का दुरुपयोग कर उन्हें विभिन्न लोगों तक भेजा, जिससे नवविवाहिता और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई तथा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
थानाध्यक्ष रवीन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

