नोएडा हिंसा में यूपी एसटीएफ ने मुख्य साजिशकर्ता को तमिलनाडु से किया गिरफ्तार
लखनऊ, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में 13 अप्रैल को श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा, आगजनी व सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने की घटना कारित करने वाले प्रमुख साजिशकर्ताओं में से एक अभियुक्त को तमिलनाडु से शनिवार को गिरफ्तार किया है।
यूपी एसटीएफ में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ के नोएडा फील्ड इकाई ने अभियुक्त को आदित्य आनन्द उर्फ सट्टी को तमिलनाडु के तत्रिचुपल्ली, रेलवे स्टेशन के पास से शनिवार को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त मूलरूप से बिहार के जिला पश्चिम चंपारण, गोविन्दनगर का रहने वाला है।
एएसपी ने बताया कि नोएडा हिंसा की जांच के दौरान प्रकाश में आया कि मुख्य साजिशकर्ता में एक आदित्य आनंद नोएडा के अरुण विहार सेक्टर—37 में रह रहा था। उसके यहां मजदूर बिगुल, दिशा संगठन, आरडब्लूपीआई, नौजवान भारत सभा व एकता संघर्ष समिति गौतमबुद्धनगर के कुछ सदस्यों ने 30 मार्च से एक अप्रैल के बीच एकत्रित होकर श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा, आगजनी व सार्वजनिक सम्पत्तियों को क्षति पहुंचाने की योजना बनाई थी। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में प्रयासरत थी। आदित्य की तलाश में टीमें लगी थी। उसके खिलाफ 7 क्रिमिनल एक्ट में गिरफ्तारी के लिए एनबीडब्ल्यू जारी किया था। अभियुक्त आदित्य आनंद भागकर चेन्नई पहुंचा और चेन्नई से होते हुए त्रिच्चुरापल्ली जा रहा था। इसकी सूचना पर एसटीएफ की नोएडा इकाई ने अभियुक्त आदित्य आनंद को त्रिच्चुरापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकारा कि वह बिहार से के स्थानीय कॉलेज से 12वीं पास करने के बाद वर्ष 2013 में पटना आकर प्राइवेट पढ़ाई की। पढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर का कोर्स किया। इसके बाद वर्ष 2020 में एनआईटी जमशेदपुर से बी-टेक पास आउट किया। कैम्पस सेलेक्शन में उसका उसका चयन एक कंपनी में हो गया। वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में इसी कम्पनी की इकाई नोएडा में कार्य करने लगा। वर्ष 2022 में वह हरियाणा में शिफ्ट हो गया। जून 2025 में गुड़गांव से अरुण विहार, सेक्टर-37 नोएडा गौतमबुद्धनगर में आकर रहने लगा।
फेसबुक पर उसने मजदूर बिगुल के बारे में पढ़ा और वर्ष 2022 में ही वह मजदूर बिगुल के कुछ लोगों के सम्पर्क में आ गया। मजदूर बिगुल के सम्पादक अनुभव सिन्हा के लिए वह नोएडा की कुछ फैक्ट्रियों में हुई विभिन्न घटनाओं की रिपोर्टिंग करने लगा। मजदूर बिगुल से जुड़ा रुपेश से उसकी मुलाकात 2023 में भगत सिंह जन अधिकार यात्रा के दौरान हुई थी। इसके बाद वह इनके आंदोलनों में शामिल होने लगा। अभियुक्त आदित्य को तमिलनाडू की कोर्ट में प्रस्तुत कर ट्रांजिड रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

