home page

नोएडा प्रॉपर्टी डीलर की आत्महत्या के मामले में नया मोड़, बहू समेत पांच लोग खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 

नोएडा, 05 मई (हि.स.)। नोएडा के थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के जयपुरिया प्लाजा में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा 3 दिन पूर्व की गयी आत्महत्या के मामले में प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी की शिकायत पर उसकी बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसकी बहू ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसके पति को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए ले लिया था। वह 30 लाख रुपए की और मांग कर रही थी। पैसे नहीं देने पर उसने थाना सेक्टर 39 में उनके खिलाफ छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करवाया था। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने मंगलवार काे बताया कि श्रीमती गीता पत्नी फूल सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह खोड़ा कॉलोनी निवासी रूबी यादव से उनके बेटे निखिल यादव की वर्ष 2017 में शादी हुई थी। उनके अनुसार शादी के बाद से ही रूबी ने उनके पति को ब्लैकमेल करके पैसा मांगना शुरू कर दिया। कभी 2 लाख कभी ढाई लाख मांगती थी। नहीं तो जान से मारने की धमकी देती थी। उनके अनुसार रूबी अपने भाई शुभम यादव द्वारा कई बार में उनसे 15 लाख रुपए ले चुकी थी, और अब 30 लाख रुपए की मांग कर रही थी। पैसे नहीं देने पर वह घर छोड़कर चली गई। अपने साथ वह सारे जेवरात आदि ले गई। इसके बाद उसने थाना सेक्टर 39 में उनके पति के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवाया। महिला का आरोप है कि इस बात से आहत उनके पति ने मानसिक तनाव के चलते सेक्टर 26 स्थित जयपुरिया प्लाजा के अपने ऑफिस में पंखे से फंदा लगा लिया। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई

महिला का आरोप है कि उनकी बहू उनकी पूरी संपत्ति की मांग कर रही थी। इसी दबाव के चलते उनके पति फूल सिंह यादव ने आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पत्नी गीता की शिकायत पर उनकी बहू रूबी, रूबी के भाई शुभम, नीरज, भाभी श्रीजी तथा पिता ओमवीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि रूबी द्वारा थाना सेक्टर 39 में दर्ज कराये गये मुकदमे में पुलिस को कुछ ऑडियो प्रस्तुत किया था, जिसमें उसके ससुर उसके प्रति काफी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। इस मामले में रूबी ने कोर्ट में भी अपना बयान दर्ज करवाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी