मामूली विवाद में ईट से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या, आरोपित हिरासत में
नोएडा, 29 नवंबर (हि.स.)। नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के सलारपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति की ईंट से हमला कर एक हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी ने मामूली कहासुनी के बाद घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपित को आज दोपहर को हिरासत मे ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि सलारपुर गांव में 45 वर्षीय वीरेंद्र कसाना परिवार के साथ रहते थे। वीरेंद्र कसाना की शनिवार की रात को उनके पड़ोसी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी हल्लू उर्फ सोविन्दर (26) ने ईंट से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायल के परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र के भाई तेजपाल कसाना ने बताया कि उनके भाई का आरोपी से कोई विवाद नहीं था। वीरेंद्र घर जा रहे थे, तभी आरोपी ने पीछे से अचानक ईंट से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिससे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव है। वहां पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आज शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रविवार दोपहर को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी नशे का आदी है। पुलिस पूछताछ कर हत्या के कारण का पता लगाने का प्रयास रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

