home page

मुण्डन का निमंत्रण देने निकले कमलेश की हत्या का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार

 | 
मुण्डन का निमंत्रण देने निकले कमलेश की हत्या का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार


- शराब पीने के दौरान डंडे को लेकर हुआ विवाद, सिर पर वार से मौत; नहर के पास से पुलिस ने आराेपित काे दबोचा

मीरजापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के दुबारकला गांव में खेत में मिले कमलेश कोरी के शव की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही अंकित कोरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पहले से रंजिश थी और शराब पीने के दौरान विवाद बढ़ने पर डंडे से वार किया गया, जिससे कमलेश की मौत हो गई।

दुबारकला निवासी पूजा पत्नी स्वर्गीय कमलेश कोरी ने 12 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके पति बच्चे के मुंडन संस्कार का निमंत्रण देने पट्टीदार के घर गए थे। रात में घर वापस नहीं लौटे। सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में उनका शव मिला। तहरीर में गांव के ही अंकित कोरी पर हत्या का शक जताया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना लालगंज, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीमें गठित की गईं। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कठवार नहर के पास से आरोपी अंकित कोरी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पुरानी रंजिश की बात सामने आई

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंकित ने बताया कि कमलेश के पुत्र शिवम की 13 मार्च 2025 को उसके घर के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। बिना कानूनी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया गया था। उस समय कुछ लोगों ने शिवम की मौत जहरीले जंतु या सांप के काटने से होने की बात कही थी। आरोपी का दावा है कि इसी घटना को लेकर कमलेश और उसकी पत्नी उससे रंजिश रखने लगे थे।

आरोपी के अनुसार, 10 अगस्त की रात वह गांव की पुलिया पर बैठकर गाना सुन रहा था। इसी दौरान कमलेश शराब के दो पाउच लेकर आया और साथ चलकर शराब पीने को कहा। दोनों खेत में पहुंचे। आरोपी का कहना है कि नशे की हालत में कमलेश ने खेत में पड़े डंडे से उस पर कई वार कर दिए। डंडा छीनकर उसने कमलेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि इसके बाद उसने शराब के पैकेट, गिलास और डंडा पास में बह रही नदी में फेंक दिया और घर चला गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय व थाना लालगंज पुलिस टीम तथा निरीक्षक राजीव कुमार सिंह प्रभारी एसओजी/सर्विलांस और उनकी टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा