युवती की गला रेतकर हत्या
अमेठी, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चतुरीपुर मजरे मऊ गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नहर के किनारे खेत में ग्रामीणों ने युवती की लाश देखी। सूचना पर पहुंची पुलिस जाँच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चतुरीपुर मजरे मऊ गांव में नहर के किनारे बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने लाश पड़ी हुई देखी। जिसकी पहचान अनीता (23) पुत्री अवधेश प्रसाद दुबे निवासी चतुरीपुर के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि युवती की किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। युवती की लाश उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर नहर के किनारे खेत में पड़ी मिली। जानकारी मिलते ही युवती के घर में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय कोतवाली पुलिस को दी। वही घर वालों का कहना है कि अनीता शाम को भोजन बनाकर सबको खिलाया और बर्तन धुल कर लेट गई। उसके बाद वह कैसे नहर के किनारे पहुंची यह किसी को भी जानकारी नहीं है। अनीता की अभी शादी नहीं हुई थी वह अविवाहित थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में है।
इस मामले में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सहित पूरी फोर्स पहुंच गई है। घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन किए जा रहे हैं। घटना के संबंध में पुलिस प्रत्येक एंगल से छानबीन कर रही है परिजनों से पूछताछ करते हुए जानकारी ली जा रही है। जल्दी ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

