संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
फतेहपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग मजदूर की मौत हो गई। आज सुबह जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को हुई, घर में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानगढ़ मजरे श्यामपुर गांव निवासी रामकेशन (65) शनिवार शाम गांव के ही पप्पू सिंह ने मजदूरी के बदले गेहूं लेने के लिए उसे बुलाया था। रामकेशन गेहूं लेने गए, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। आज सुबह पप्पू सिंह ने घर पहुंचकर उसकी मौत की सूचना दी, जिससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि रामकेशन की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि इसमें साजिश की आशंका है। उन्होंने बताया कि बिना किसी स्पष्ट कारण के अचानक मौत होना घटना संदिग्ध लगती है। वही, पप्पू सिंह ने घटना को हादसा बताते हुए कहा कि गेहूं ट्रॉली में लोड करते समय ट्रैक्टर ट्रॉली रामकेशन के माथे पर लग गई थी, जिससे उन्हें चोट आई। उन्होंने कहा कि रामकेशन ने इसे मामूली चोट बताते हुए वहीं आराम करने की बात कही। वह पास में सो गए और सुबह उठने पर रामकेशन मृत मिले।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

