सोनभद्र में मिला बालिका का खून से लथपथ शव
सोनभद्र, 27 अप्रैल (हि.स.)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के आरंगपानी ग्राम पंचायत के झरईलटोला में सोमवार की सुबह एक बालिका का शव उसके घर से थोड़ी दूर पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका रविवार शाम को घर से दुकान पर सामान लेने के लिए गई थी, लेकिन वह नहीं लौटी।
म्योरपुर थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा ने सोमवार को बताया कि आरंगपानी ग्राम पंचायत के झरईलटोला में सोमवार को 12 वर्षीय बालिका का शव झाड़ियों में मिला। रविवार की देर शाम वह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान पर सामान लेने गई थी। दुकान पर सामान लेने के बाद वह घर की तरफ जा रही थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो तत्काल उसके परिजन उसकी तलाश शुरु कर दिये। काफी तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। मृतका के मामा अखिलेश ने तहरीर देकर पुलिस को सूचना दिया।
सोमवार की सुबह घर से 200 मीटर दूर झाड़ी में उसका खून से लथपथ शव मिला। परिजनों ने बताया कि उसके गले पर भी निशान मिले हैं। परिजनों ने दुष्कर्म कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे और थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है। बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज लोढ़ी भेजा गया है। मेडिकल कालेज में दो डाक्टरों की टीम पोस्टमार्टम करेगी। म्योरपुर थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

