अवैध संबंध के चलते प्राॅपर्टी डीलर की हत्या, तीन गिरफ्तार
सोनभद्र, 01 अप्रैल (हि.स.)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र में दस दिन पूर्व हुए प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण अवैध संबंध व रूपए का लेन-देन है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बुधवार को बताया कि 22मार्च को मिर्जापुर जिले के सिरसी डैम में एक शव बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक के चालक घासी मौर्या निवासी लोकुआ थाना धानापुर जनपद चंदौली ने 27मार्च को घोरावल थाने पर तहरीर देकर बताया कि हम चंदौली जनपद से 22मार्च को मृतक कुंवर मौर्य को लेकर पेढ़ गांव साहब लाल मौर्य के घर आये थे। रात्रि में खाना खाने के बाद हम बाहर अपनी गाड़ी में ही सो गए। रात्रि दो बजे साहब लाल मौर्य, उनकी पत्नी लीलावती व चन्द्रशेखर मौर्या हमारे पास आये और हमें उठा कर बोले कि हम लोगों ने कुंवर मौर्य की हत्या कर दी है।गाड़ी का पीछे वाला गेट जल्दी खोलो। शव को ठिकाने लगाना है। हमने उनके दबाव में पीछे का गेट खोल दिया। यह लोग गाड़ी में शव को रखकर बैठ गये और हमें मिर्जापुर सिरसी डैम लेकर गये, जहां सुनसान जगह पर शव रखकर फिर वापस घर आ गए। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई। जांच के बाद पुलिस ने हत्या की घटना को अंजाम देने के मामले में पेढ़ गांव निवासी साहब लाल मौर्य, उसकी पत्नी लीलावती व उसके रिश्तेदार मिर्जापुर निवासी चन्द्रशेखर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ की तो साहब लाल मौर्य ने बताया कि कुंवर मौर्य का हमारी पत्नी लीलावती के साथ अवैध संबंध था। हम लोगों ने अपनी लड़की की शादी एक जगह तय की लेकिन उसने वह शादी नहीं होने दी और दबाव बनाकर अपने लड़के से शादी करवा दी। शादी के बाद बिटिया के नाम से रही 06 बिस्सा जमीन भी बेच दी और अपनी बहू को लड़के से अलग कर सकलडीहा में एक किराए के कमरे में रखवा दिया और उससे भी अवैध संबंध बनाने लगा। हम लोगाें ने इन सारी समस्याओं से आजिज आकर उसकी हत्या करने का मन बना लिया। इसलिए हम लोगों ने मृतक कुंवर मौर्य को अपने घर बुलाया फिर उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में उसकी हत्या कर शव को सिरसी डैम मिर्जापुर में फेक दिया था। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि आज भोर में तीनों की गिरफ्तारी की गई है ।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

