मौरंग की रकम के बंटवारे को लेकर चचेरे भाईयों में संघर्ष,एक की मौत
फर्रुखाबाद,25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में नवाबगंज थाना क्षेत्र में मौरंग के पैसों के बंटवारे को लेकर बीती रात मंगलवार को चाचा और ताऊ के बेटों के बीच संघर्ष हो गया। इस संघर्ष के दौरान चाचा तथा उसके बेटों ने ताऊ के लड़के के सिर में लाठी मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि मंगलवार को देर रात डायल 112 ने सूचना दी कि गांव सिरोली नवादा में मौरंग के पैसों के बंटवारे के लिए उदय प्रताप(30) और कुणाल, बाबा पुत्र सकते और सकते के बीच झगड़ा हो रहा है। दोनों पक्ष चाचा ताऊ व उनके पुत्र हैं। इस विवाद में उदय प्रताप के सिर में लाठी मारकर घायल कर दिया गया है। उसकी हालत गम्भीर है।
सीओ ने बताया कि मौके पर पहुंची थाना पुलिस आनन फानन में घायल उदय प्रताप को एम्बुलेंस से लेकर लोहिया अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर के उसे मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटना में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

