युवक की हत्या में फरार सगे भाई गिरफ्तार
फतेहपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को एक युवक के हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पकड़े गए आरोपित दोनों सगे भाई और इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे शराब के ठेके के सामने पुरानी रंजिश में ठेका सेल्समैन गोवर्धन निषाद के बेटों से मनीष दुबे के पुत्र वैभव तिवारी की कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि ठेका सेल्समैन पक्ष के बेटे अमन सिंह और मनू सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या कर आरोपित मौके से फरार हो गये थे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार दोनों मुख्य आरोपित अमन सिंह और मनू सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पनाह देने वालों पर भी कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस टीम ने 30 अगस्त को लखनऊ के चिनहट क्षेत्र के निजामपुर मल्हौर से दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर पूछताछ की थी।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने हत्या में इस्तेमाल रिवाल्वर पंकज पाण्डेय को छिपाने के लिए देने और आशुतोष तिवारी, आशुतोष सिंह उर्फ चेतन सिंह के संरक्षण में लखनऊ में छिपे होने की बात कबूली है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है, जबकि रिवाल्वर की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। साथ ही साथ प्रकाश में आए आरोपितों के सहयोगियाें की तलाश की जा रही है। —————————————————
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

