अजय की हत्या में फरार आरोपित गिरफ्तार,ईंट से कूचकर की थी हत्या
बागपत, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के रटौल थाना क्षेत्र में दो अक्टूबर से लापता गढ़ी कलंजरी निवासी अजय यादव की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर खेकड़ा क्षेत्र के जंगल से अजय का शव बरामद कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी खेकड़ा रोहन चौरसिया का कहना है कि अजय दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार के यहां गाड़ी चलाने का काम करता था। उसके भाई देवेंद्र यादव के मुताबिक, दो अक्टूबर की रात गांव निवासी लवदीप उर्फ कल्लू और पुरनपुर नवादा निवासी अमित भाटी उसे फोन कर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद अजय घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों ने तीन अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस की जांच में पाया गया कि तीनों ने पहले लवदीप के घर पर शराब पी। इसके बाद रास्ते में भी शराब का सेवन किया और जंगल पहुंच गए। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद होने पर अजय की ईंटों से कुचकर हत्या कर दी गई। शव जंगल में छिपा दिया। परिजनों ने सोमवार को हत्या की आशंका जताते हुए थाने में हंगामा किया था। पुलिस ने
एक आरोपित अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर अजय का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस हत्या की वजह और अन्य आरोपिताें की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी खेकड़ा रोहन चौरसिया का कहना है की शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है। आरोपी लवदीप की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई है जिनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

