home page

मथुरा की एक लड़की के ब्लाइंड मर्डर का बागपत पुलिस ने किया खुलासा, दंपति गिरफ्तार

 | 
मथुरा की एक लड़की के ब्लाइंड मर्डर का बागपत पुलिस ने किया खुलासा, दंपति गिरफ्तार


बागपत, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा की एक वर्षीय किशोरी ‘परी’ के ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया है। करीब 25 दिन की गहन जांच के बाद पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दंपति काे गिरफ्तार किया है। आरोपिताें ने वारदात को अंजाम देने और सबूत मिटाने के लिए टीवी सीरियल ‘क्राइम पेट्रोल’ और ‘सीआईडी’ से तरीका सीखा था, लेकिन फोरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच ने उन्हें आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि 13 अगस्त को काठा गांव के जंगल में एक किशोरी का जला हुआ शव बरामद हुआ था। शव की पहचान मिटाने के लिए चेहरे को पेट्रोल और तेजाब डालकर बुरी तरह झुलसा दिया गया था। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की शिनाख्त और हत्या की गुत्थी सुलझाना थी। यह पूरी तरह ब्लाइंड केस था। मामले के खुलासे के लिए सीओ सुकन्या शर्मा और एएसपी प्रवीण चौहान के नेतृत्व में पांच टीमें, एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक को लगाया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपित अमन सागर मृतका के संपर्क में था और दोनों के बीच संबंध थे। इसी बात को लेकर आरोपित और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों ने मिलकर साजिश रची और दिल्ली में किराए के कमरे में ले जाकर किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर स्कूटर से बागपत लाया गया और काठा गांव के जंगल में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए शव पर पेट्रोल और तेजाब डालकर जला दिया गया।

एसपी के मुताबिक, आरोपिताें ने ‘सीआईडी’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर हत्या और सबूत मिटाने का पैटर्न तैयार किया था। उन्होंने उसी तर्ज पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों के आगे उनकी चालाकी नहीं चल सकी। मौके से मिले कपड़ों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस डाटा ने पुलिस को आरोपिताें तक पहुंचाया। लगातार 25 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस सफल खुलासे पर एडीजी भानु भास्कर ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। उन्होंने बागपत पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की और टीम वर्क की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी