दो साधुओं की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित का पिता गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार काे मुख्य आरोपित के पिता को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान पिता विष्णु के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर शुक्रवार सुबह उसे भुण्डी पुल के पास से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया की ग्राम सूथा स्थित मंदिर में एक अक्टूबर की रात बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों शवों को मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक के लिए रखे घी की मदद से जला दिया था। मामले में मंदिर संरक्षक शिव कुमार सिंह की तहरीर पर सूथा निवासी सुमित कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे अगले दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 238 बढ़ाई और विष्णु के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर शुक्रवार सुबह उसे भुण्डी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार विष्णु अपने बेटे की बार-बार जमानत करवाता था और उसे कार्यवाही से बचाने का प्रयास कर रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

