home page

शाहजहांपुर में पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोपित पति गिरफ्तार

 | 
शाहजहांपुर में पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोपित पति गिरफ्तार


शाहजहांपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र में पत्नी की गोली मारकर हत्या की घटना में पुलिस ने बुधवार को आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि, निगोही थाना क्षेत्र के गांव चौढ़ेरा निवासी रेशमा (21) की तीन नवंबर को पति शिवम ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में मृतका के परिजनों की तहरीर पर त्रिलोकपुर निवासी शिवम (22) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बुधवार को आरोपित पति शिवम को खुदागंज रोड पर गांव डेलखेड़ा से पहले एक कोल्हू के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी और रेशमा की शादी आपसी पसंद से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पत्नी के बार-बार बिना बताए मायके जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपित पति अपनी पत्नी को उसके मायके से लेकर आया था। घर लौटने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने तमंचे से गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी थी। वारदात में इस्तेमाल तमंचे और कारतूस को उसने अपने घर के पास छप्पर के नीचे छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर तमंचा और कारतूस बरामद कर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा