home page

शाहजहांपुर : ताऊ की हत्या के आराेप में भतीजा गिरफ्तार

 | 
शाहजहांपुर : ताऊ की हत्या के आराेप में भतीजा गिरफ्तार


शाहजहांपुर, 4 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक के भतीजे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सूजे बरामद किए हैं।

प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार मिश्रा ने रविवार काे बताया कि बीते शुक्रवार को हथौड़ा बुजुर्ग गांव निवासी रामसनेही की उनके भतीजे अरविंद ने हत्या कर दी थी। अवध किशोर की तहरीर पर अरविन्द के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपित के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

रोजा पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए रविवार रात अरविन्द को ग्राम जलालपुर की नहर पटरी से जलालपुर की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दोनों सूजे बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपित अरविन्द ने अपने ताऊ रामसनेही की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपित के मुताबिक, वह ताऊ से अक्सर नशा करने और अन्य जरूरतों के लिए रुपये मांगता था। घटना वाले दिन रुपये मांगने पर ताऊ ने उसे रुपये देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।

आरोपित ने पुलिस को बताया कि विवाद समाप्त करने के लिए उसने ताऊ को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वह घर में रखे दो सूजे लेकर ताऊ की तलाश में विजय के मकान के पास पहुंचा, जहां रामसनेही मिले। आरोप है कि अरविन्द ने दोनों सूजों से उन पर वार कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दोनों सूजे बरामद कर लिए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा