शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या के मामले में आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त रॉड भी बरामद
शाहजहांपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर उनके शव जलाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त खून के धब्बे लगी लोहे की रॉड भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सूथा स्थित मंदिर में एक अक्टूबर की रात बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद दोनों के शवों को मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी की मदद से जला दिया गया था।
इस मामले में मंदिर के संरक्षक शिव कुमार सिंह की तहरीर पर खुदागंज थाने में ग्राम सूथा निवासी सुमित कुमार सिंह (35) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह कठिना नदी पुल के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मंदिर में स्वयं रहना चाहता था। इसी को लेकर उसने दोनों साधुओं की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शवों को जला दिया। वारदात के बाद वह घटना में प्रयुक्त रॉड को मंदिर के पास झाड़ियों में छिपाकर कठिना नदी के जंगल में जा छिपा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद की है।एएसपी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामलों में सात मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

