home page

बकरी के विवाद में हुई बुजुर्ग की हत्या में नामजद आरोपित गिरफ्तार

 | 
बकरी के विवाद में हुई बुजुर्ग की हत्या में नामजद आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित घूरपुर थाना की पुलिस टीम ने बकरी चराने के विवाद में हुई बुजुर्ग की हत्या मामले के नामजद आरोपित को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त यमुना नगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित घूरपुर के बड़ी बोगी निवासी मोहम्मद राशिद है। पुलिस टीम ने एक सूचना के बाद उसे बलीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी बकरी निसार अहमद के घर चली गई थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और झगड़े के दौरान उसके भाई ने लकड़ी के टुकड़े से निसार अहमद के सिर पर हमला कर दिया। घटना के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए थे। बाद में बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिली।

डीसीपी ने बताया कि 27 अप्रैल को बड़ी बोंगी गांव निवासी मोहम्मद हुसैन ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता निसार अहमद के साथ विपक्षियों ने बकरी हांकने की रंजिश में लाठी-डंडों से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल निसार अहमद की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद थाना घूरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपित काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल