मोबाइल लिंक के झांसे में गंवाए 90 हजार, साइबर सेल ने वापस कराई पूरी रकम
मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मोबाइल पर भेजे गए फर्जी लिंक के माध्यम से ठगे गए 90 हजार रुपये को थाना कोतवाली देहात की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।
लेढू चपऊरकलां निवासी आकाश पाण्डेय ने 5 जून को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर लिंक भेजकर पैसे बढ़ाने का लालच दिया। लिंक पर विश्वास कर कार्रवाई करने के बाद उनके खाते से 90 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
मामले की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली देहात की साइबर सेल सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित बैंक और मर्चेंट संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर ठगी गई पूरी धनराशि को सुरक्षित कराते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।
बुधवार को आकाश पाण्डेय थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी अज्ञात लिंक, निवेश के झांसे या लालच देने वाले संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही उनसे अन्य लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध की स्थिति में पीड़ितों को तत्काल एनसीआरपी पोर्टल या हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

