home page

ऑपरेशन ऑल आउट: पुलिस ने 20 किलो से अधिक गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा

 | 
ऑपरेशन ऑल आउट: पुलिस ने 20 किलो से अधिक गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा


मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ऑपरेशन ऑल आउट के तहत जिगना थाना पुलिस ने शनिवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 किलो 141 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।

जिगना थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना पुलिस क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिहसड़ा तिराहे पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बोरे से 20 किलो 141 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लोलो यादव उर्फ बसंत यादव तथा पप्पू यादव, दोनों निवासी रामपुर बल्लीपरवा, थाना चिल्ह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध मादक पदार्थ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा