home page

मिर्जापुर की कछुआ सेंचुरी में अवैध खनन में लिप्त दो मोटर बोट जब्त, अज्ञात नाविकों पर केस दर्ज

 | 
मिर्जापुर की कछुआ सेंचुरी में अवैध खनन में लिप्त दो मोटर बोट जब्त, अज्ञात नाविकों पर केस दर्ज


मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना क्षेत्र के कछुआ सेंचुरी गोगांव में बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मोटर बोट जब्त की हैं। मामले में रविवार को दो अज्ञात नाविकों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

नोडल विभाग वन विभाग (प्रयागराज) के मेजा परिक्षेत्र के क्षेत्राधिकारी अजय सिंह ने बताया कि वन दरोगा रामचंद्र यादव की तहरीर पर जिगना थाने में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई 10 अप्रैल को की गई छापेमारी के क्रम में आगे बढ़ाई गई है।

उन्हाेंने बताया कि 10 अप्रैल को एसडीएम सदर गुलाब चंद्र खान और अधिकारी जितेंद्र सिंह ने दलबल के साथ छापेमारी की थी। इस दौरान कई मोटर बोट गंगा पार कर भदोही जिले की सीमा में भागने में सफल रहीं, जबकि दो मोटर बोट को पकड़कर वन कर्मियों के हवाले कर दिया गया था। गौरतलब है कि कछुआ सेंचुरी क्षेत्र में गंगा की तराई में लोडर, ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए बालू का अवैध खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं। वन विभाग और प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा