अस्पताल में कहासुनी के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, दो लोग हिरासत में
गोण्डा, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के धानेपुर क्षेत्र में रविवार देर रात को निजी अस्पताल में हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने सोमवार को बताया कि बग्गी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में देर रात बेलहारी गांव निवासी आनंद पांडेय (40) के रूप में हुई है। वह पेशे से खाद विक्रेता थे। आनंद पांडेय अपने भांजे सत्यप्रकाश शुक्ला के साथ रविवार रात को अस्पताल पहुंचे थे। सत्यप्रकाश अस्पताल में वार्ड ब्वाय के रूप में कार्यरत है। अस्पताल पहुंचते ही सत्यपाल का दूसरे वार्ड ब्वाय अनुपम शुक्ला से पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों से भी लोग आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान आनंद पांडेय पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि उनके गले पर वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मारपीट में घायल अन्य लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक का उपचार जारी है।
सीओ सदर ने बताया कि शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र कुमार तिवारी

